महिला सशक्तिकरण पर केंद्र के कदमों की सराहना, झारखंड सरकार पर रालोजपा का तीखा हमला

महिला सशक्तिकरण पर केंद्र के कदमों की सराहना, झारखंड सरकार पर रालोजपा का तीखा हमला

रालोजपा प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज बोले—नारी शक्ति वंदन अधिनियम ऐतिहासिक, विरोध करने वाले महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ

बोकारो : राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने केंद्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए कदमों की मुक्त कंठ से सराहना की है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
राज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग इस अधिनियम का विरोध कर रहे हैं, वे महिलाओं के अधिकारों और उनके सशक्तिकरण के विरोधी हैं। उन्होंने इसे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला निर्णायक कदम बताया।
इस दौरान उन्होंने झारखंड की वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उनके अनुसार कमजोर नेतृत्व के कारण प्रदेश की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है, अपराध के मामले बढ़ रहे हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
राजकुमार राज ने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने में पूरी तरह नाकाम रही है, जिससे लोगों में गहरा असंतोष व्याप्त है।
वहीं पश्चिम बंगाल में पार्टी की चुनावी रणनीति पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि रालोजपा इस बार 40 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी और प्रदेश में एनडीए सरकार के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अंत में उन्होंने कहा कि रालोजपा देश और प्रदेश दोनों स्तरों पर विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर प्रतिबद्ध है तथा आने वाले समय में जनता के हितों की आवाज को और मजबूती से उठाती रहेगी।