मेरा खून, मेरा सगा भी गलत करेेगा तो उसे बर्दाश्त नहीं करूंगा : मिथिलेश ठाकुर
मेरा खून, मेरा सगा भी गलत करेेगा तो उसे बर्दाश्त नहीं करूंगा : मिथिलेश ठाकुर
धार्मिक उन्माद फैलाकर लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करते हैं विधायक
फोटो : प्रेस कॉन्फ्रेंस करते पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर
गढ़वा। झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा है कि गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी सिर्फ लोगों की भावना से खिलवाड़ करते हैं। यह व्यक्ति महाशातिर है। सिर्फ जातिय एवं धार्मिक उन्माद फैलाकर अपनी राजनीतिक रोटी सेकता हैं। उनकी मानसिकता एवं राजनीति दोनों घटिया है। विधायक दो व्यक्तियों की लड़ाई को धार्मिक एवं जातिय रंग दे रहे हैं यह बहुत ही घटिया मानसिकता है। श्री ठाकुर ने कहा कि यदि कोई मेरा अपना खून, अपना सगा भी गलत करेगा तो मैं उसे बर्दाश्त नहीं करूंगा। श्री ठाकुर ने रविवार को गढ़वा स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उक्त बातें कही।
श्री ठाकुर ने कहा कि जिस झगड़ा को विधायक धार्मिक रंग दे रहे हैं मैने उसकी पूरी जानकारी ली। यह सिर्फ दो नवयुवकों का झगड़ा था। यह कोई धार्मिक या जातिय झगड़ा नहीं था। उन्होंने दोनों पक्षों को बुलाकर पूछा। दोनों ने बताया कि पूर्वजों से ही दोनों के बीच आपसी घरेलू संबंध काफी बेहतर है। यह आपसी लड़ाई है समाज की लड़ाई नहीं है। श्री ठाकुर ने कहा कि लोगों को यह पूछना चाहिए कि सत्येंद्र तिवारी नामक एक व्यक्ति की हत्या हुई उसका फाइल कहां गया। सहिजना में दो लोगों के बीच झगड़ा हुआ, करकोमा में झगड़ा हुआ इन सब पर विधायक का मुंह नहीं खुला। जनता को निकम्मे विधायक से पूछना चाहिए कि दो सालों में जनता के लिए क्या किया। कोई भी घटना घटित होती है तो विधायक पांच मिनट में बिल से निकल जाते हैं। मीडिया को जमा कर के धार्मिक उन्माद फैलाने में लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि वो कभी भी किसी का जाति, धर्म पूछ कर जनता की समस्याओं का निदान नहीं करते हैं। आज भी जनता की जितनी समस्या उनके पास आती है और वे निदान करते हैं उसका पांच प्रतिशत भी विधायक के पास नहीं जाता है। जनता अच्छी तरह जानती है कि विधायक अपने स्वार्थ के लिए, अपने झोली भरने के लिए गिद्ध की तरह काम करते हैं। दो व्यक्तियों की लड़ाई में भी हिंदू मुस्लिम कर राजनीतिक रोटी सेकते हैं। ऐसे विधायक पर शर्मिंदगी महसूस होती है। श्री ठाकुर ने कहा कि चुनाव में जमीन माफियाओं ने सत्येंद्रनाथ तिवारी को मोटा चंदा दिया है। अब वे वसूली में लगे हैं। विधायक को डर बना हुआ है कि वे लोग इसकी पोल न खोल दें। उन्होंने एसपी से कहा है कि वे जड़ तक जाएं और जमीन माफियाओं को समाप्त करें। गढ़वा को जमीन माफियाओं के चंगुल से मुक्त करायें। राज्य के पुलिस मुखिया से जमीन माफियाओं की सूची मांगी गई है। जिला से जिन माफियाओं की सूची भेजी गई है उनमें कोई भी बड़ा माफिया का नाम नहीं है। इस बारे में उन्होंने आईजी, डीआईजी से भी कहा है कि असली नकाबपोश माफियाओं का चेहरा उजागर कर जिलाबदर किया जाए। श्री ठाकुर ने कहा कि लखना में मूर्ति विसर्जन रोकने की घटना की सच्चाई बहुत जल्द सामने आने वाली है। आज विधायक के लोग ही कहते हैं कि उन्होंने दो मुस्लिम लोगों को एक-एक लाख रूपये देकर मूर्ति रोकने को कहा था। मौके पर मुख्य रूप से झामुमो जिला सचिव शरीफ अंसारी, धीरज दुबे, सनी चंद्रवंशी, चंदन जसवाल, छोटू सिंह खरवार, तनवीर आलम, प्रियम सिंह आदि लोग उपस्थित थे।

