मईया सम्मान योजना सत्यापन में अवैध वसूली का आरोप,आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीओ से की शिकायत
मईया सम्मान योजना सत्यापन में अवैध वसूली का आरोप,आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीओ से की शिकायत
हुसैनाबाद:हुसैनाबाद प्रखंड अंतर्गत बेल बिगहा पंचायत के धावाबार आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका सीमा कुमारी पर मईया सम्मान योजना एवं पेंशन सत्यापन के नाम पर अवैध राशि वसूली करने का आरोप लगा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी हुसैनाबाद को आवेदन देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सेविका द्वारा मईया सम्मान योजना के लाभुकों से सत्यापन के नाम पर पद का दुरुपयोग करते हुए 100 से 200 रुपये तथा पेंशनधारियों से 100 रुपये तक की राशि ली जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पैसा नहीं देने पर योजना बंद कराने की धमकी भी दी जा रही है।ग्रामीणों ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित सेविका पर पूर्व में भी विभिन्न योजनाओं में अनियमितता और अवैध वसूली के आरोप लग चुके हैं। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना में भी लाभ दिलाने के नाम पर राशि लेने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने अनुमंडल पदाधिकारी से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि उपायुक्त पलामू एवं बीडीओ हुसैनाबाद को भी भेजी गई है।वहीं आवेदन पर हस्ताक्षर करने वालों में बिंदा देवी, विष्णुकांत मेहता, सरिता देवी, शिवशरण मेहता, रिंकू देवी, प्रमिला देवी, संगीता देवी, शांति देवी, प्रभा देवी, मुनि देवी, रामनरायन मेहता, गुलबसीया देवी, राजेन्द्र मेहता, कृष्णा मेहता, माया कुमारी, रामजी मेहता, श्यामलाल मेहता, सोनी देवी, शंकर यादव, कौशल्या देवी आदि का नाम शामिल है।



