मेदिनीनगर ECHS पॉलीक्लिनिक 1 दिसंबर से पांकी रोड में होगा शिफ्ट, कर्नल मनोज शुक्ला ने दी जानकारी

ई सी एच एस पॉलीक्लिनिक अगले महीने नई लोकेशन पर स्थानांतरित की जा रही है  :  कर्नल मनोज कुमार शुक्ला।

               पूर्व सैनिक अंशदायी योजना (ई सी एच एस) पॉलीक्लिनिक,  मेदिनीनगर में आज लाभार्थियों के साथ मासिक बैठक आयोजित की गई।  बैठक में ओ आई सी कर्नल मनोज कुमार शुक्ला (से. नि.) ने बताया कि वर्तमान भवन में हो रही विभिन्न असुविधाओं के कारण अगले माह 01 दिसंबर 2026 से पॉलीक्लिनिक को पांकी रोड में जॉन्सन टाइल्स के पहले स्थित भवन में शिफ्ट किया जा रहा है।  उन्होंने लाभार्थियों को 01 दिसंबर 2026 से इस सुविधा के लिए नए स्थान पर आने का अनुरोध किया।

            पॉलीक्लिनिक के सुविधाओं के बारे में उन्होंने बताया कि सभी लाभार्थी पॉलीक्लिनिक के निर्धारित समय सीमा पूर्वाह्न 08.00 बजे से अपराह्न 03.00 बजे तक का अनुपालन करें।  आपातकालीन स्थिति में बिना रेफरल के भी लाभार्थी किसी भी अस्पताल में इलाज के लिए जा सकते हैं।  क्लेम हेतु डॉक्टर का आपातकालीन प्रमाण पत्र और अन्य संबंधित कागजात प्रस्तुत करने होंगे।  उन्होंने लाभार्थियों को पॉलीक्लिनिक स्टाफ के साथ संयमित व्यवहार करने का अनुरोध किया।

              चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर पांडेय ने बताया कि नए प्रावधान के अनुसार आपको ए एल सी दवाइयां सिर्फ 15 दिन के लिए ही दिए जाएंगे।  बाकी दवाइयां जैसे 30 दिन के लिए मिलती हैं,  वो मिलती रहेंगी।  यात्रा भत्ता के लिए आपको आपके रैंक के अनुसार टिकट का पैसा मिलेगा।  ऑनलाइन कन्फर्म टिकट तो क्लेम में स्वीकार किए जाएंगे,  लेकिन वेटिंग लिस्ट वाला ऑनलाइन टिकट स्वीकार नहीं किया जाएगा।  रेलवे काउंटर से लिए गए सभी तरह के टिकट मान्य होंगे। कोई भी मेडिकल पेमेंट का क्लेम 30 दिन के अंदर करना होगा।  निर्धारित समय के बाद क्लेम स्वीकार नहीं होगा।
एक रेफरल तीन महीने तक मान्य होगा,  पर आप इस दौरान 06 बार तक ही डॉक्टर से संपर्क कर सकते हैं। 70 साल से ज्यादा उम्र वालों को ओ पी डी के लिए रेफरल की कोई आवश्यकता नहीं होगी।  सभी पॉइंट्स पर विचार आदान प्रदान करने के बाद बैठक समाप्त हुई।

              इस बैठक में ओ आई सी कर्नल मनोज कुमार शुक्ला,  डॉक्टर हर्ष भूषण शरण पांडेय,  डॉक्टर शिप्रा प्रियदर्शिनी के साथ पॉलीक्लिनिक के स्टाफ और लाभार्थियों में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद पलामू जिलाध्यक्ष दामोदर मिश्र,  कार्यकारी अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह,  महामंत्री सुनील कुमार सिंह,  संगठन मंत्री हरिहर तिवारी,  कमलाकांत मिश्र,  मनीष कुमार तिवारी,  के सिंह,  त्रिपुरारी प्रसाद,  संतोष कुमार मेहता,  संजय कुमार,  ओम प्रकाश दुबे,  एस डी सिंह,  एस एन पाठक,  राकेश ओझा,  सुधीर कुमार चौबे,  मणिभूषण तिवारी और सत्येंद्र मिश्र सहित अनेकों लाभार्थियों की उपस्थिति रही।