“मौर्या फार्म हाउस में हवलदार वीरेंद्र कुमार सिंह की विदाई, क्षेत्र ने दी शुभकामनाएँ

पांकी विधानसभा क्षेत्र के नीलांबर पितांबरपुर प्रखंड स्थित मौर्या फार्म हाउस में रविवार को हवलदार वीरेंद्र कुमार सिंह का भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। वे लंबे समय से पांकी विधायक डॉक्टर कुशवाहा शशि भूषण मेहता के सुरक्षा दल में हवलदार के रूप में तैनात रहे और लगभग छह वर्षों तक अपनी सेवाएँ निष्ठा और समर्पण के साथ देते रहे।

समारोह में विधायक डॉक्टर शशि भूषण मेहता ने हवलदार वीरेंद्र कुमार सिंह को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सिंह ने अपने कार्यकाल में अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया है। मौके पर मौजूद अधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भी उनके योगदान की सराहना की।

बिहार के नवादा जिले के निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह के सेवानिवृत्ति पर क्षेत्र के लोगों ने उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में सुरक्षा बल के जवानों तथा स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। विदाई के दौरान भावनात्मक माहौल देखने को मिला और सभी ने उनके साथ बिताए समय को याद किया।