मानवता हुई शर्मसार- मदद की जगह नर्स ने छीनी स्ट्रेचर, परिजनों को इलाजरत मरीज को आधार अपडेट करवाने ठेले पर ले जाना पड़ा
मानवता हुई शर्मसार- मदद की जगह नर्स ने छीनी स्ट्रेचर, परिजनों को इलाजरत मरीज को आधार अपडेट करवाने ठेले पर ले जाना पड़ा
गिरिडीह। सदर अस्पताल की लापरवाही एक बार फिर सुर्खियों में है। शनिवार को अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था की हकीकत सामने रख दी।
मिली जानकारी के अनुसार, बक्सीडीह रोड के झिंझरी मुहल्ला निवासी सुनील राम कुछ दिन पहले सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रांची रिम्स में इलाज के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि रांची में उनके पैर का ऑपरेशन कर उसमें रॉड डाला गया था, बावजूद इसके वह अभी चलने-फिरने में असमर्थ हैं।
शनिवार को सुनील राम की पत्नी आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए उन्हें अस्पताल परिसर के पास स्थित केंद्र ले जा रही थीं। वह अस्पताल की स्ट्रेचर के सहारे अपने पति को ले जा रही थीं। इसी दौरान अस्पताल की एक नर्स ने बीच रास्ते में आकर स्ट्रेचर छीन ली।
मजबूरी में परिजनों ने सड़क किनारे से एक ठेला भाड़े पर लिया और उसी पर मरीज को बिठाकर आधार केंद्र पहुंचे। यह पूरा दृश्य कैमरे में कैद हो गया और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य विभाग की संवेदनहीनता बताया है और जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषी कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

