लोकसभा में गूंजी पलामू की आवाज, सांसद वीडी राम ने मांगी रेलवे वैगन फैक्ट्री और मेगा वर्कशॉप
मेराल से विवेकानंद चौबे का रिपोर्ट
पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने बुधवार को लोकसभा में नियम 377 के तहत पलामू में रेलवे वैगन उत्पादन इकाई एवं मेगा वैगन अनुरक्षण कार्यशाला की स्थापना की मांग उठाई है।
इस संबंध में सांसद के निजी सचिव अलख दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि
पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने आज लोकसभा में नियम 377 के तहत पलामू संसदीय क्षेत्र (झारखंड) के पलामू जिले में रेलवे वैगन उत्पादन इकाई एवं मेगा वैगन अनुरक्षण (POH/ROH) कार्यशाला की स्थापना से संबंधित अत्यंत महत्वपूर्ण विषय को उठाया। इसके साथ ही उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर तथा व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर पलामू में रेलवे वैगन उत्पादन इकाई एवं मेगा वैगन अनुरक्षण कार्यशाला की स्थापना का अनुरोध भी किया है।
श्री राम ने कहा कि पलामू एवं गढ़वा जिले झारखंड के सबसे पिछड़े तथा औद्योगिक दृष्टि से अत्यंत उपेक्षित क्षेत्रों में शामिल हैं। स्थानीय स्तर पर रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को अन्य राज्यों में पलायन करना पड़ता है। इसका प्रतिकूल प्रभाव केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था पर ही नहीं पड़ता, बल्कि सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन भी प्रभावित होता है।
झारखंड भारतीय रेल के लिए देश के सबसे महत्वपूर्ण माल ढुलाई राज्यों में से एक है। विशेष रूप से कोयला परिवहन में राज्य का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है, फिर भी आज तक झारखंड में भारतीय रेल की कोई बड़ी वैगन उत्पादन इकाई स्थापित नहीं की गई है। पलामू जिले के गढ़वा रोड एवं जपला रेलवे स्टेशन इस प्रकार की इकाई की स्थापना के लिए अत्यंत उपयुक्त स्थान हैं। यहां रेलवे की पर्याप्त भूमि उपलब्ध है तथा दोनों स्टेशन सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) एवं भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के कोयला क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख मालवाहक रेल मार्ग पर स्थित हैं। इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में खाली मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिससे वैगनों के पीरियॉडिक ओवरहॉल (POH) एवं रूटीन ओवरहॉल (ROH) कार्यों के लिए यह स्थान परिचालन की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय रेल को वैगनों के POH/ROH कार्यों के लिए पर्याप्त क्षमता के अभाव का सामना करना पड़ रहा है, जिसके कारण अनुरक्षण कार्यों में विलंब, वैगनों की उपलब्धता में कमी तथा परिचालन दक्षता एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पलामू में ऐसी कार्यशाला स्थापित होने से इन समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा तथा माल परिवहन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनेगी।
सांसद ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से अनुरोध करते हुए कहा कि पलामू जिले के गढ़वा रोड़ एवं जपला रेलवे स्टेशन पर रेलवे वैगन उत्पादन इकाई अथवा मेगा वैगन अनुरक्षण (POH/ROH) कार्यशाला की स्थापना के प्रस्ताव पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाए। इससे भारतीय रेल की परिचालन क्षमता एवं सुरक्षा में वृद्धि होगी, वैगनों की उपलब्धता बेहतर होगी तथा पलामू संसदीय क्षेत्र सहित पूरे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और युवाओं के मजबूरन पलायन पर भी प्रभावी रोक लग सकेगी।

