हरिहरगंज में 15वीं वर्ष परंपरा के तहत मां दुर्गा को अर्पित किए गए 56 भोग

हरिहरगंज (पलामू)। हरिहरगंज नगर पंचायत स्थित मां दुर्गा मंदिर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई 2026 को सुबह 11:30 बजे महाआरती एवं 56 भोग का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से खचाखच भरा रहा और पूरे वातावरण में भक्ति का माहौल देखने को मिला। नव युवक समिति, हरिहरगंज के अध्यक्ष ओमप्रकाश शौंडिक ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर मां दुर्गा की महाआरती और 56 भोग का आयोजन पिछले लगभग 15 वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सनातन धर्म एवं धार्मिक परंपराओं को सशक्त बनाना है।

समिति के व्यवस्थापक भोला गुप्ता, सचिव विकास विश्वकर्मा एवं कोषाध्यक्ष राजू गुप्ता ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा। 56 भोग अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन के दौरान संजय कुमार गुप्ता, बिनु जायसवाल, पिंटू जायसवाल, गंगा प्रसाद जायसवाल, ओमप्रकाश, पुरुषोत्तम जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पलामू हरिहरगंज संवाददाता मनोज कुमार गुप्ता