LIC के प्रस्तावित विनिवेश के विरोध में गिरिडीह में बीमा कर्मचारियों का प्रदर्शन
LIC के प्रस्तावित विनिवेश के विरोध में गिरिडीह में बीमा कर्मचारियों का प्रदर्शन
गिरिडीह। अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ के आह्वान पर बीमा कर्मचारी संघ गिरिडीह ने भोजनावकाश के दौरान द्वार प्रदर्शन कर भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में केंद्र सरकार के प्रस्तावित विनिवेश का विरोध किया। कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के सचिव धर्म प्रकाश ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ऑफर फॉर सेल के तहत एलआईसी की हिस्सेदारी बेचने के फैसले का बीमा कर्मचारी संघ विरोध करता है। कर्मचारियों ने प्रस्तावित विनिवेश वापस लेने की मांग की।
मंडलीय सहायक सचिव अनुराग मुर्मू ने कहा कि एलआईसी करोड़ों पॉलिसीधारकों के विश्वास और बचत से जुड़ी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय वित्तीय संस्था है और राष्ट्र निर्माण में इसकी बड़ी भूमिका रही है। संयुक्त सचिव राजेश कुमार उपाध्याय ने कहा कि एलआईसी में सार्वजनिक स्वामित्व कमजोर करना पॉलिसीधारकों और देश के दीर्घकालिक हित में नहीं है। प्रदर्शन में संजय कुमार शर्मा, विजय कुमार, उमानाथ झा, कुमकुम बाला वर्मा, सुनील कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में बीमा कर्मचारी शामिल हुए।

