लातेहार में राहुल दुबे गैंग के 7 अपराधी गिरफ्तार: कोल साइडिंग में गोलीबारी और आगजनी में रहे हैं शामिल, 2 पिस्टल और कारतूस बरामद

लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लातेहार पुलिस ने शनिवार को कुख्यात अपराधी राहुल दुबे गिरोह के सात अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सभी की गिरफ्तारी बालूमाथ के चमातू बाईपास सड़क किनारे जंगल से की गई, जब वे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस की तत्परता से अपराधियों की योजना विफल हो गई।गिरफ्तार अपराधी बालूमाथ थाना क्षेत्र के मगध कोलियरी, बारियातु थाना के फुलबसिया साइडिंग और चंदवा थाना के टोरी साइडिंग में हुई आगजनी और गोलीबारी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। लेवी नहीं मिलने पर ये पुनः ऐसी ही घटना को अंजाम देने वाले थे।पुलिस ने इनके पास से 7.65 एमएम का एक पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक पिस्तौल, आठ कारतूस, पांच मोबाइल फोन और दो लीटर पेट्रोल से भरी बोतल बरामद की। एसडीपीओ बालूमाथ विनोद रवानी ने बताया कि मोबाइल फोन में विशेष ऐप इंस्टॉल मिला है, जिसमें राहुल दुबे व उसके गिरोह के बीच बातचीत के साक्ष्य मिले हैं।गिरफ्तार अपराधियों में विकास कुमार उर्फ मिथुन लोहरा, सुधीर लोहरा, उपेंद्र ठाकुर, शंकर महतो, सोनू पासवान, रौशन कुमार, प्रभात यादव और मुकेश यादव शामिल हैं। पुलिस ने एसआईटी टीम गठित कर विभिन्न जिलों में छापेमारी कर यह सफलता हासिल की।