कोडरमा में बाइक चोरी की कोशिश नाकाम, युवक रंगे हाथ पकड़ाया

कोडरमा:बाइक चोरी की कोशिश नाकाम, लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

झुमरीतिलैया में बुधवार को बाइक चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है. शहर के मॉडर्न पब्लिक स्कूल के पास एक युवक को बाइक चोरी करते समय स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. संदिग्ध गतिविधि देखकर लोगों ने उसे घेर लिया और पुलिस को सूचना दी.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक काफी देर से एक बाइक के आसपास संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था. लोगों को शक होने पर उसे पकड़ लिया गया. इस दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई. पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम सलाउद्दीन आलम तथा पिता का नाम खलील मियां बताया.पुलिस ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह किसी बाइक चोरी गिरोह से जुड़ा है या नहीं. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.