गुमला में जंगल से निकला हाथी, देखने उमड़ी भीड़; वन विभाग ने संभाला मोर्चा

अमलिया रायकेरा जंगल के पास हाथी निकलने से उमड़ी भीड़,वन विभाग ने संभाला मोर्चा,हाथी को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर जुटे ग्रामीण और राहगीर, कुछ लोग पहुंचने लगे करीब,वन विभाग ने लोगों को किया सतर्क।

भरनो (गुमला):- भरनो प्रखंड के अमलिया रायकेरा जंगल के समीप मंगलवार की शाम हाथी के निकलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।भरनो-चट्टी मुख्य मार्ग के किनारे हाथी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा होने से कुछ देर के लिए मुख्य मार्ग पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। वहीं,हाथी के काफी करीब पहुंचकर उसे देखने का प्रयास कर रहे लोगों के कारण स्थिति संभावित रूप से खतरनाक हो गई।हाथी के जंगल के आसपास होने की सूचना तेजी से क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे। कई लोग सड़क पर रुककर हाथी की गतिविधियों को देखने लगे। कुछ लोग हाथी के काफी करीब जाने का प्रयास करते नजर आए।इससे हाथी के अचानक उग्र होने अथवा भीड़ की ओर बढ़ने की आशंका बढ़ गई।मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की क्यूआरटी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वन विभाग की टीम ने सड़क पर जमा लोगों को वहां से हटाया तथा लोगों को हाथी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की हिदायत दी।टीम ने लोगों को समझाया कि हाथी जंगली और अप्रत्याशित स्वभाव का होता है।भीड़,शोर-शराबा अथवा उसे छेड़ने से हाथी उत्तेजित होकर लोगों पर हमला कर सकता है।वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों और राहगीरों से अपील करते हुए कहा कि जंगल अथवा गांव के आसपास हाथी दिखाई देने पर उसे देखने के लिए भीड़ नहीं लगाएं।हाथी के नजदीक जाने, उसका पीछा करने, फोटो या वीडियो बनाने के लिए जोखिम उठाने तथा उसे भगाने का प्रयास बिल्कुल नहीं करें।हाथी दिखाई देने पर तत्काल सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और इसकी सूचना वन विभाग को दें।गौरतलब है कि भरनो प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ समय से हाथियों की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं।हाथियों के जंगल से निकलकर खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहता है।ऐसे में वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को लगातार सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।वन विभाग ने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को हाथी वाले क्षेत्र से दूर रखने तथा रात के समय जंगल और सुनसान रास्तों पर अकेले नहीं जाने की अपील की है।विभाग ने कहा है कि हाथी के दिखाई देने पर ग्रामीण किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं और तत्काल वन विभाग की टीम को इसकी सूचना दें।