कोडरमा में अपराध की वृद्धि हो रही है और पुलिस चुपचाप बैठी है: अन्नपूर्णा देवी

कोडरमा में अपराध की वृद्धि हो रही है और पुलिस चुपचाप बैठी है: अन्नपूर्णा देवी

कोडरमा में बढ़ते अपराधों पर सांसद अन्नपूर्णा देवी ने जताई कड़ी नाराज़गी, प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

आमजन की सुरक्षा छोड़ सिर्फ़ बालू गाड़ी पकड़ने में व्यस्त पुलिस: अन्नपूर्णा देवी

संवाददाता जिला ब्यूरो

कोडरमा: विगत कई दिनों से कोडरमा जिले में लगातार आपराधिक घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। कोडरमा सांसद सह भारत सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इस स्थिति पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की है।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विगत कई महीनों से यह देखा जा रहा है कि कोडरमा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधी बेलगाम होकर अपने मंसूबों में सफल हो रहे हैं, जबकि पुलिस मात्र मूकदर्शक बनी हुई है। प्रशासन का दायित्व है कि वह आमजन को सुरक्षा प्रदान करे, लेकिन दुर्भाग्यवश यहाँ स्थिति यह है कि प्रशासन केवल बालू गाड़ी पकड़ने को ही अपनी नैतिक जिम्मेदारी मान बैठा है।

उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल चोरी, घर में चोरी-डकैती और वाहन चोरी जैसी घटनाएँ आए दिन सामने आ रही हैं। समाचार पत्रों के माध्यम से भी लगातार ऐसी घटनाओं की पुष्टि होती है, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिल रही है। यह स्थिति पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।

अन्नपूर्णा देवी ने जोर देते हुए कहा कि कोडरमा प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेते हुए गश्ती करने वाली गाड़ियों की संख्या बढ़ानी चाहिए, नियमित रात्रि गश्ती करनी चाहिए और मोहल्लों में सुरक्षा की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। आज टेक्नोलॉजी के युग में भी अपराधियों को पकड़ने में पुलिस की नाकामी बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब समय आ गया है कि प्रशासन गंभीरता दिखाते हुए विशेष अभियान चलाकर अपराध और अपराधियों के मंसूबों पर अंकुश लगाए, ताकि कोडरमा जिले के लोग सुरक्षित वातावरण में जी सकें।