कन्हैया चौबे ने भू-माफियाओं के खिलाफ 8 अगस्त को जन आंदोलन का किया ऐलान,
कन्हैया चौबे ने भू-माफियाओं के खिलाफ 8 अगस्त को जन आंदोलन का किया ऐलान,
श्री बंशीधर नगर: जंगीपुर उरांव की कथित रूप से कब्जाई गई जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता कन्हैया चौबे ने जनआंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों एवं आम जनता से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
कन्हैया चौबे ने कहा कि वह वर्ष 2016 से जंगीपुर उरांव की जमीन भू-माफियाओं से मुक्त कराने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय प्रशासन से लेकर विभिन्न सरकारी विभागों तक कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में करीब 500 उरांव परिवारों के साथ 25 जुलाई को रांची विधानसभा का घेराव भी किया गया था, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
उनका आरोप है कि सत्ता परिवर्तन के बावजूद भू-माफियाओं के प्रभाव के कारण पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिल पाया। अब तक विभिन्न सरकारी महकमों को आवेदन देने के बाद भी निराशा हाथ लगी है। ऐसे में उन्होंने इस लड़ाई को जनता के हाथों सौंपते हुए व्यापक जनआंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।
कन्हैया चौबे ने 081 भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और आम लोगों से अपील की है कि शनिवार, 8 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे श्री बंशीधर नगर के गोसाईबाग मैदान में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। यहां से सभी लोग एकजुट होकर अनुमंडलीय कार्यालय तक मार्च करेंगे और जंगीपुर उरांव की जमीन वापस दिलाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि गरीब, आदिवासी और वंचित लोगों के न्याय एवं अधिकार की लड़ाई है। इसलिए सभी वर्गों की भागीदारी इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए आवश्यक है।

