कमलेश कुमार सिंह गोंड बने आदिवासी विकास परिषद के जिलाध्यक्ष
कमलेश कुमार सिंह गोंड बने आदिवासी विकास परिषद के जिलाध्यक्ष
पंचायत से प्रखंड स्तर तक संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
गढ़वा। अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के गढ़वा जिला अध्यक्ष पद पर धुरकी प्रखंड के खुटिया गांव निवासी डॉ. कमलेश कुमार सिंह गोंड का सर्वसम्मति से चयन किया गया। गढ़वा परिसदन में आयोजित परिषद की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगाई गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद की प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री गीता श्री उरांव ने की।
डॉ. कमलेश कुमार सिंह गोंड के जिलाध्यक्ष चुने जाने की खबर मिलते ही धुरकी सहित पूरे जिले के आदिवासी समाज और परिषद से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है। परिषद के सदस्यों ने उनके चयन का स्वागत करते हुए बधाई दी। सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन जिले में और मजबूत होगा तथा आदिवासी समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
बैठक में परिषद के संगठनात्मक विस्तार के साथ आदिवासी समाज के अधिकार, शिक्षा, रोजगार और विकास समेत विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की गई। संगठन को पंचायत और प्रखंड स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
नई जिला कमेटी में चंद्रिका मांझी कोरवा को उपाध्यक्ष, राजकिशोर सिंह खरवार को सचिव, सुनील कोरवा एवं सुदर्शन उरांव को सह सचिव, शंभू सिंह खरवार को कोषाध्यक्ष तथा दिनेश सिंह खरवार को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। वहीं मनोज सिंह खरवार समेत 10 लोगों को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. कमलेश कुमार सिंह गोंड ने कहा कि परिषद ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा, रोजगार और विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि परिषद को पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को साथ लेकर आदिवासी समाज के हित में काम करना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा।

