खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में 7 सितंबर को रांची जाएंगे सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता

खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में 7 सितंबर को रांची जाएंगे सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता

गढ़वा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंजीनियर ओबैदुल्लाह हक अंसारी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर आगामी 7 सितंबर को लोकभवन (राजभवन) घेराव कार्यक्रम में गढ़वा जिले से सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता रांची जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने खनिज एवं खनिज-विकास से संबंधित संशोधन विधेयक 2026 का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि झारखंड की खनिज संपदा पर सबसे पहला अधिकार झारखंड और यहां की जनता का है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती से निकलने वाला कोयला एवं अन्य खनिज देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। लेकिन खनन के कारण होने वाले विस्थापन, पर्यावरणीय क्षति और सामाजिक चुनौतियों का सबसे अधिक प्रभाव राज्य की जनता को झेलना पड़ता है। ऐसे में झारखंड के अधिकारों और यहां की जनता के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

इंजीनियर अंसारी ने केंद्र सरकार से इस कानून पर पुनर्विचार कर इसे वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि इस कानून को निरस्त नहीं किया गया तो झारखंड के हितों की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि झारखंड के अधिकार, सम्मान और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए कांग्रेस की लड़ाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर के रांची कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।