खबर का असर: चार माह से खराब जलमीनार दुरुस्त, ग्रामीणों को मिली पेयजल की राहत

खबर का असर: चार माह से खराब जलमीनार हुआ दुरुस्त
केतार। प्रखंड क्षेत्र के परसोडीह पंचायत अंतर्गत चौरा गांव के महुलनिया टोला में मुख्य पथ के किनारे 15वें वित्त मद से लगाया गया जलमीनार खबर प्रकाशित होने के बाद दुरुस्त करा दिया गया। करीब चार माह से खराब पड़े जलमीनार के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद प्रखंड प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए जलमीनार की मरम्मत कराकर ग्रामीणों को राहत पहुंचायी।
जलमीनार चालू होने से ग्रामीणों में खुशी है। ग्रामीणों ने इसके लिए प्रखंड प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि समय रहते जलमीनार दुरुस्त हो जाने से आगामी दुर्गापूजा के दौरान पेयजल की समस्या नहीं होगी। ग्रामीणों ने कहा कि त्योहार के दौरान गांव में लोगों की आवाजाही बढ़ती है, ऐसे में जलमीनार के चालू होने से काफी सुविधा मिलेगी।
वहीं भावी मुखिया प्रत्याशी विशंभर पासवान ने जलमीनार दुरुस्त कराने के लिए प्रखंड प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों का दायित्व है कि क्षेत्र की समस्याओं को प्रशासन के संज्ञान में लाएं। उन्होंने कहा कि समस्या की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करना सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि इसी तरह क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं पर भी प्रशासन तत्परता से कार्रवाई करेगा।