केतार में बाइक हादसे के बाद दोनों किडनी फेल, इलाज के दौरान शक्ति सिंह की मौत; गांव में मातम
दोनों किडनी फेल होने से शक्ति सिंह की मौत, गांव में पसरा मातम
केतार। प्रखंड क्षेत्र के मुकुंदपुर पंचायत अंतर्गत ताली गांव निवासी शक्ति सिंह लगभग उम्र 40 की दोनों किडनी फेल होने से इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार करीब 15 दिन पूर्व शक्ति सिंह बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान दोनों किडनी फेल हो गई।
परिजनों ने बताया कि शक्ति सिंह का इलाज डाल्टनगंज में इलाज चल रहा था। उन्हें बचाने के लिए परिजनों ने लाखों रुपये खर्च किए, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
शक्ति सिंह मिलनसार, सामाजिक एवं मृदुभाषी स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शोक व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि उनके असामयिक निधन से गांव ने एक सामाजिक और मिलनसार व्यक्ति को खो दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही युवा समाजसेवी पंकज कुमार सिंह और मुकुंदपुर पंचायत के मुखिया मुंगा साह समेत कई लोग शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। शक्ति सिंह अपने पीछे दो बच्चों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

