केतार में दाल वितरण में अनियमितता का आरोप, जेएलकेएम ने जांच और कार्रवाई की मांग की
दाल वितरण में अनियमितता का आरोप, जांच की मांग
केतार। प्रखंड क्षेत्र में जन वितरण प्रणाली के तहत लाभुकों के बीच दाल वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा जेएलकेएम के प्रखंड अध्यक्ष श्याम बिहारी राम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि केतार प्रखंड की सभी पंचायतों में स्थानीय डीलरों के माध्यम से 23 सितंबर को दाल का वितरण किया गया। वहीं, प्रखंड में डीलरों के द्वारा दाल वितरण की अवधि समाप्त होने के बाद भी लाभुकों के बीच दाल बांटे जाने की बात कही गई है। आवेदन के अनुसार दाल की पैकिंग तिथि 16 फरवरी 2026 अंकित है, जबकि इसे करीब दो माह तक उपयोग में लाया जाना था। इसके बावजूद लगभग सात माह बाद स्थानीय डीलरों द्वारा इसका वितरण किए जाने का आरोप लगाया गया है।
जेएलकेएम प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह की शिकायत लगभग सभी पंचायतों के स्थानीय डीलरों से जुड़ी हुई है। पार्टी की ओर से करीब 15 दिनों के अंदर संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक इस दिशा में सकारात्मक पहल नहीं होने से प्रखंड के लाभुक परेशान हैं।
उन्होंने बीडीओ से प्रखंड के सभी डीलरों की वितरण प्रणाली की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि मामले की जांच कर लाभुकों को नियमानुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।

