केंद्र व राज्य सरकार की आपसी खींचतान में पीस रही है जनता: गिरिनाथ

केंद्र व राज्य सरकार की आपसी खींचतान में पीस रही है जनता: गिरिनाथ
फोटो- प्रेसवार्ता में बोलते पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह
गढ़वा। गढ़वा सहित राज्य भर में भ्रष्टाचार शिष्टाचार हो गई है। इस सरकार में जनता त्रस्त है। विकास कार्य और जनता की समस्याओं से किसी को कोई लेना देना नहीं है। जन प्रतिनिधि रांची में बैठकर खानापूर्ति कर रहे हैं। शासन-प्रशासन सब मौन हैं। उक्त बातें पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह ने गुरुवार को गढ़वा स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष को जनहित के कार्यों में रूचि नहीं रह गई है। वहीं विपक्ष भी जनता की समस्याओं से मूंह मोड़ लिया है। सत्ता व विपक्ष दोनों ही निरंकुश हो गए हैं। गढ़वा की जनता पूरी तरह से पिछले कईं वर्षों से त्रस्त है। जनता को भी समय पर सही निर्णय लेने की जरूरत है। तभी उनकी समस्याओं व भ्रष्टाचार से मुक्ति मिल सकती है। अन्यथा ऐसी की स्थिति बनी रहेगी। जो गढ़वा में पूर्व में कभी ऐसा नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के पास बकाए पैसों की रोना रोती रहती है वहीं केंद्र सरकार को भी राज्यवासियों से कोई लेना देना नहीं है। मगर केंद्र व राज्य सरकार की आपसी खींचतान में गढ़वा सहित राज्य की जनता पीस रही है। इसमें जनता का क्या कसूर है। राज्य बनने के बाद से लेकर जनता को सिर्फ धोखा ही मिला है। उन्होंने गढ़वा जिलेवासियों सहित राज्यवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी है। मौके पर रंजन चौबे, संजय कास्यंकार आदि मौजूद थे।