कांग्रेस ने मनरेगा योजना नाम बदलने के खिलाफ सड़क से सदन तक आंदोलन की दी चेतावनी, कल एकदिवसीय उपवास का ऐलान
गिरिडीह। मनरेगा बचाओ अभियान के तहत जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से नया परिषद भवन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि केंद्र सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के नाम बार-बार बदलकर गरीबों, मजदूरों और किसानों के साथ खिलवाड़ कर रही है। मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाना कांग्रेस कार्यकर्ताओं और देश की जनता की भावनाओं पर सीधा आघात है।
सतीश केडिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार अपना यह फैसला वापस नहीं लेती है तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में कल 11 जनवरी 2026 को टावर चौक पर सुबह 11 बजे से एकदिवसीय उपवास एवं प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं के समक्ष आयोजित होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा जैसी योजना गरीबों की जीवनरेखा है और इससे किसी भी प्रकार का छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, बलराम यादव, अशोक विश्वकर्मा, योगेश्वर महत्ता, अली खान उर्फ लड्डू खान, कृष्ण सिंह, सुलेमान अख्तर, यश सिन्हा, सरफराज अंसारी, बिलाल हुसैनी, मोहम्मद सोहेल, दिनेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

