कांडी के सरकारी स्कूलों में स्वेटर वितरण का इंतजार, बच्चों के खाते में भेजे जाएंगे 600 रुपये

कांडी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रविंद्र कुमार मेहता, जिन्होंने स्कूली बच्चों के बीच स्वेटर वितरण और जूते की राशि को लेकर जानकारी दी।

कांडी प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को अब तक स्वेटर नहीं मिलने से अभिभावकों और विद्यार्थियों की चिंता बढ़ने लगी है। इस संबंध में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रविंद्र कुमार मेहता ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से अभी तक उन्हें स्वेटर वितरण की तिथि को लेकर कोई स्पष्ट सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि एक से दो कक्षा तक के जिन बच्चों का बैंक खाता उपलब्ध नहीं है, उन्हें स्वेटर उपलब्ध कराने का प्रावधान है। वहीं, अन्य कक्षाओं के बच्चों के खाते में स्वेटर के लिए 600 रुपये की राशि भेजी जाती है। इसके अलावा कुछ कक्षाओं के बच्चों के लिए जूते की खरीदारी को लेकर 150 रुपये प्रति विद्यार्थी के हिसाब से राशि आने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि इसी संबंध में गुरुवार को एक बैठक भी हुई थी, लेकिन अभी तक स्वेटर वितरण या राशि भुगतान की तिथि निर्धारित होने की कोई सूचना नहीं मिली है। इस संबंध में आगे की प्रक्रिया जिला स्तर से तय की जानी है। विभाग की ओर से जैसे ही कोई दिशा-निर्देश या सूचना प्राप्त होगी, उसके अनुसार आगे की जानकारी दी जाएगी। फिलहाल स्कूली बच्चों को स्वेटर और जूते की राशि मिलने का इंतजार है।