अस्मिता वुशु लीग में दमखम दिखाएंगी जामताड़ा की सात बेटियां, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए पहुंचीं रांची

राज्य स्तरीय अस्मिता वुशु लीग में दमखम दिखाएंगी जामताड़ा की सात बेटियां, प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचीं रांची

जामताड़ा/खेलो इंडिया के तहत आयोजित अस्मिता वुशु लीग राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 2026 में जामताड़ा की सात बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन की सातों खिलाड़ी रांची पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता का आयोजन राजधानी रांची के खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में झारखंड राज्य वुशु एसोसिएशन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की बालिका खिलाड़ी अलग-अलग भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

जामताड़ा की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाली खिलाड़ियों में लक्ष्मी हेंब्रम, अनन्या भारती, नूपुर तिवारी, कृति रानी, महुआ बाउरी, कृति कुमारी और सोनाक्षी सिंह शामिल हैं। खिलाड़ियों के मार्गदर्शन एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए टीम के साथ कोच शांतनु सेन भी रांची पहुंचे हैं।

इसकी जानकारी जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन के निदेशक दीपक दुबे ने दी। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार एवं भारतीय खेल मंत्रालय की पहल पर खेलो इंडिया के माध्यम से बालिका एवं महिला खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीत सकें।

उन्होंने उम्मीद जताई कि जामताड़ा की खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगी।

खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं सफलता की कामना करते हुए जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रो. तुषार कांत माजी, उपाध्यक्ष महाप्रसाद दत्त, श्यामल मंडल, विपिन दुबे, डॉ. चंचल भंडारी, राहुल सिंह, सूरज कुमार पासवान एवं भास्कर चांद ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।