झारखंड स्थापना दिवस समारोह में DTO गोपी उरांव के नेतृत्व में चला सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

झारखंड स्थापना दिवस समारोह में DTO गोपी उरांव के नेतृत्व में चला सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान

गढ़वा: झारखंड स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर बरगड़ प्रखंड, जिला गढ़वा में आयोजित जिला स्तरीय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता 2026 के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी, गढ़वा श्री गोपी उरांव के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अभियान के तहत प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों, ग्रामीणों एवं उपस्थित आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। लोगों को यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा निर्धारित गति सीमा के अनुरूप वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि तेज गति, लापरवाही से वाहन चलाना, नशे की हालत में ड्राइविंग करना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों एवं सुरक्षित यातायात व्यवहार की जानकारी दी गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी श्री गोपी उरांव ने आम लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन अपनी आदत में शामिल करें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। जागरूकता और सावधानी अपनाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है तथा अनमोल जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य खेल प्रतियोगिता जैसे जनसहभागिता वाले आयोजन के माध्यम से ग्रामीण एवं जनजातीय समुदाय तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना तथा सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।