JSSC परीक्षा को लेकर पलामू अलर्ट, DC-SP ने की बड़ी समीक्षा, केंद्रों का निरीक्षण
पलामू – झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा 2024 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा,परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
19 जुलाई 2026 को होनेवाले झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा 2024 के सफल,निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में संबंधित पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा संचालन से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए डीसी ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाए।उन्होंने सदर अनुमंडल पदाधिकारी को परीक्षा के मद्देनजर शनिवार शाम शहर के होटल, लॉज, धर्मशाला एवं अन्य ठहराव स्थलों में जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।उन्होंने सभी से कहा कि चूंकि यह परीक्षा तीन चरणों में आयोजित किया जाना है,ऐसे में सबसे महत्वपूर्ण समय है।
उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध रखने का निर्देश दिया।बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों एवं उसके आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।उन्होंने सभी सेंटर सुपरिंटेंडेंट को अपने पास स्थानीय थाना प्रभारी का नंबर रखने की बात कही।बैठक में उपरोक्त के अलावे जिले के परीक्षा नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

