जन्माष्टमी पर गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे, मटकी फोड़ लीला में बच्चों ने मचाया धमाल
जन्माष्टमी पर गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे, मटकी फोड़ लीला में बच्चों ने मचाया धमाल
पहली बार आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम बना आकर्षण का केंद्र, नगर भ्रमण के बाद प्रतिमा का हुआ विसर्जन
कांडी (गढ़वा)। हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों एवं पूजा स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
मझिगवां पंचायत में मध्य रात्रि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आयोजन हुआ। जैसे ही मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
शनिवार को भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का भव्य नगर भ्रमण कराया गया। भक्ति गीतों और जयकारों के बीच श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। पहली बार आयोजित मटकी फोड़ लीला विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों की टोलियों ने उत्साह के साथ मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने का प्रयास किया। बच्चों के उत्साह और रोमांच को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे।
नगर भ्रमण के बाद विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में कमिटी के सदस्य जितेंद्र चौबे, सचिन यादव, अजीत यादव, ऋषि शर्मा, चंदन शर्मा, सत्यप्रकाश चौबे, मंजेश यादव, रंजीत शर्मा, मिथुन कुमार और पवन यादव सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

