जमशेदपुर सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार की मौत

झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का सड़क हादसे में निधन हो गया। रांची-जमशेदपुर हाइवे में सड़क दुर्घटना में दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह हादसे का शिकार हो गईं।
पीसीआर डीएसपी जमशेदपुर मनोज ठाकुर ने बताया कि देर रात करीब 2-3 बजे सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव पर हादसा हुआ। इस हादसे में कार में सवार तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौ,त हो गई।
बताया गया है कि तकनीकी खराबी हो जाने कारण ट्रक को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया गया, जिसके कारण रात में ये हादसा हो गया। ट्रक में खराबी आ जाने के बाद किसी तरह के इंडिकेटर की व्यवस्था नहीं की गई थी, सिर्फ डाली के साथ पत्ता तोड़कर लगा दिया गया था।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में राज्य सरकार में साथी मंत्री एवं बहन दीपिका पांडेय सिंह जी की बेटी एवं अन्य लोगों के निधन की बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं बहन दीपिका जी एवं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। इस अपूरणीय क्षति के लिए शब्द नहीं हैं। मरांग बुरु दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।