झारखंड बंद के समर्थन में रायडीह में सड़क जाम, शंख मोड़ पर आंदोलनकारियों ने की नारेबाजी
झारखंड बंद के समर्थन में रायडीह में सड़क जाम, शंख मोड़ पर आंदोलनकारियों ने की नारेबाजी
झारखंड आंदोलनकारियों ने सरकार से राजकीय सम्मान, पहचान, पेंशन और आश्रितों को रोजगार की उठाई मांग
गुमला। 30 सितंबर को प्रस्तावित संपूर्ण झारखंड बंद के समर्थन में रायडीह में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष खोरस केरकेट्टा के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने मांझाटोली शंख मोड़ स्थित कार्तिक उरांव चौक के समीप सड़क जाम कर बंद का समर्थन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
नवागढ़ पतराटोली, रायडीह, भंडारटोली और डूमरटोली सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आंदोलनकारी हाथों में झंडे लेकर सड़क पर डटे रहे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर छोटी-बड़ी वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि, गुमला सदर मुख्यालय क्षेत्र में बंद का व्यापक असर देखने को नहीं मिला।
मौके पर जिला अध्यक्ष खोरस केरकेट्टा और उपाध्यक्ष प्रकाश खलखो ने कहा कि गुमला जिले के झारखंड आंदोलन के अमर पुरोधाओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान के इतिहास को धूमिल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सरकार से झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय मान-सम्मान देने के साथ उनकी अलग पहचान सुनिश्चित करने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने आंदोलनकारियों के आश्रितों को रोजगार एवं नौकरी में गारंटी देने, सम्मान पेंशन के साथ मेडिकल सुविधा, समूह बीमा और यात्रा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की ओर से बंद के दौरान आकस्मिक एवं आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया। आंदोलनकारियों ने सरकार से अपनी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की।



