गुमला केंद्रीय विद्यालय के नए भवन में जल्द पढ़ाई शुरू कराने की मांग, मिशन बदलाव ने सौंपा आवेदन

केंद्रीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन में जल्द शैक्षणिक कार्य शुरू कराने की मांग

मिशन बदलाव ने उपायुक्त को सौंपा पुनः आवेदन, पुराने भवन की जर्जर स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा का उठाया मुद्दा

गुमला। केंद्रीय विद्यालय गुमला के नवनिर्मित भवन में जल्द से जल्द शैक्षणिक कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर मिशन बदलाव की जिला सचिव सय्यदा खातून ने उपायुक्त दिलेश्वर महतो को पुनः आवेदन सौंपा है। संगठन ने विद्यार्थियों के हित, सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए नवनिर्मित भवन में कक्षाएं शुरू कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने की मांग की है।

मिशन बदलाव के अनुसार, इस संबंध में पूर्व में भी 20 नवंबर 2025 को जिला प्रशासन को आवेदन सौंपकर पुराने विद्यालय भवन में विद्यार्थियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया गया था। साथ ही नवनिर्मित भवन में कक्षाएं शुरू कराने का अनुरोध किया गया था। संगठन का कहना है कि अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण विद्यार्थी अब भी पुराने भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

सय्यदा खातून ने बताया कि बारिश के मौसम में पुराने भवन की छत से पानी टपकता है और कई बार बारिश का पानी कक्षाओं के अंदर तक पहुंच जाता है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी होती है तथा पठन-पाठन प्रभावित होता है। भवन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

उन्होंने यह भी कहा कि पुराने विद्यालय भवन के आसपास अन्य लोगों और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही के कारण विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता है।

मिशन बदलाव ने उपायुक्त से मांग की है कि केंद्रीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का आवश्यक निरीक्षण और हस्तांतरण संबंधी प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर वहां शैक्षणिक कार्य शुरू कराने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिया जाए। साथ ही, आवेदन पर की गई कार्रवाई से संगठन को अवगत कराने का अनुरोध किया गया है।

मिशन बदलाव की नगर अध्यक्ष ज्योति कुमारी ने भी जिला प्रशासन से विद्यार्थियों के हित एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मामले में शीघ्र पहल करने की मांग की है।