जेपीएससी–जेएसएससी मामले में सीबीआई जांच की मांग तेज, हेमंत सरकार पर भाजपा का तीखा हमला
जेपीएससी–जेएसएससी मामले में सीबीआई जांच की मांग तेज, हेमंत सरकार पर भाजपा का तीखा हमला
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने जेपीएससी–जेएसएससी परीक्षा विवाद को लेकर हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्र-युवा कई दिनों से बारिश और खराब मौसम के बीच भी सड़क पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को अनदेखा कर रही है। चौबे ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सीबीआई जांच से बच रही है, जबकि छात्रों को सीआईडी जांच पर भरोसा नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार निष्पक्ष है और दोषियों पर कार्रवाई करना चाहती है, तो सीबीआई जांच की अनुशंसा करने से क्यों पीछे हट रही है।
रितेश चौबे ने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी, शिक्षक बहाली, सीजीएल समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं ने राज्य के लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उनका आरोप है कि भ्रष्टाचार और धांधली के कारण योग्य अभ्यर्थियों को नौकरी के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी संदिग्ध भर्तियों की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि छात्रों को न्याय मिल सके। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस दिशा में कदम नहीं उठाया, तो भाजपा छात्रों और युवाओं के समर्थन में सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।

