जंतर-मंतर पर फिर शुरू हुआ CJP प्रदर्शन, संसद मार्च हिंसा की जांच तेज

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन एक बार फिर शुरू हो गया है। सोमवार को संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया था, लेकिन देर रात फिर से लोग जंतर-मंतर पर जुटने लगे। इस बीच दिल्ली पुलिस ने हिंसा के मामले में FIR दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस का दावा है कि उनके साथ बड़ी संख्या में लोग संसद की ओर बढ़े और रास्ता जाम किया। आरोप है कि पुलिस के समझाने पर भीड़ के कुछ उपद्रवियों ने ईंट-पत्थर, कांच की बोतलों और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया, जिसमें 6 IPS अधिकारियों सहित 118 पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस को आशंका है कि यह हिंसा पूर्व नियोजित थी और इसकी साजिश सोशल मीडिया व व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए रची गई थी। मामले की जांच जारी है।