हरिहरगंज टोल प्लाजा के पास मिली वृद्ध महिला, पहचान के लिए प्रशासन ने मांगा लोगों का सहयोग
अज्ञात वृद्ध महिला की पहचान कराने हेतु आमजन से सहयोग की अपील
दिनांक 18 जुलाई 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि एक वृद्ध महिला विगत दो दिनों से हरिहरगंज टोल प्लाजा के समीप असहाय अवस्था में रह रही थीं। वह अपनी पहचान, पता अथवा परिजनों के संबंध में कोई जानकारी देने में असमर्थ थीं।
सूचना मिलते ही उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन एवं हरिहरगंज थाना की टीम ने तत्काल महिला को सुरक्षित संरक्षण में लिया। उनसे उनकी पहचान एवं परिजनों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने का हरसंभव प्रयास किया गया। साथ ही आसपास के थानों से भी संपर्क स्थापित कर उनकी पहचान सुनिश्चित करने की कोशिश की गई, किंतु अब तक कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है।
महिला की सुरक्षा एवं समुचित देखभाल को प्राथमिकता देते हुए उन्हें वन स्टॉप सेंटर, डाल्टनगंज में रखा गया है, जहां उनके रहने, भोजन एवं आवश्यक देखभाल की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई है।
जिला प्रशासन, पलामू आम नागरिकों से अपील करता है कि यदि कोई व्यक्ति इस महिला को पहचानता हो अथवा इनके परिवार, निवास स्थान या परिजनों के संबंध में कोई भी जानकारी रखता हो, तो कृपया तत्काल हरिहरगंज थाना अथवा जिला प्रशासन को सूचित करें।
आपकी एक छोटी-सी जानकारी इस महिला को उनके परिवार से मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। कृपया इस सूचना को अधिक से अधिक साझा करें, ताकि यह संबंधित लोगों तक पहुंच सके।

