हेरहंज में 75 लाख की पीसीसी सड़कें महीनों में उखड़ीं, ग्रामीणों ने घटिया निर्माण का लगाया आरोप
हेरहंज के सेरनदाग में डीएमएफटी मद से बनीं लगभग 75 लाख की पीसीसी सड़कें महीनों में ही उखड़ीं, ग्रामीणों में आक्रोश
हेरहंज
लातेहार जिले के हेरहंज प्रखंड अंतर्गत सेरनदाग पंचायत में सरकारी योजनाओं में अनियमितता और घटिया निर्माण का बड़ा मामला सामने आया है। जिला परिषद और डीएमएफटी (DMFT) मद से लगभग 75 लाख रुपये से अधिक की लागत से बनाई गई चार पीसीसी सड़कें महज कुछ ही महीनों में जर्जर हो चुकी हैं। ढलाई उखड़ जाने के कारण पूरी सड़क पर बालू और नुकीले पत्थर बिखर गए हैं, जिससे ग्रामीणों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। इस बदहाली से उग्र ग्रामीणों ने निर्माण में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया है।
स्थानीय ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि सड़क निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग नहीं किया गया। ठेकेदार और विभागीय अभियंताओं की कथित मिलीभगत के कारण निर्माण कार्य में भारी अनियमितता बरती गई। महज कुछ महीनों में सड़कों का पूरी तरह ध्वस्त हो जाना यह दर्शाता है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता की पूरी तरह अनदेखी की गई।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024-25 में जिला परिषद के माध्यम से इन सड़कों के निर्माण की निविदा निकाली गई थी। इन योजनाओं के निर्माण का जिम्मा मेसर्स आरएन इंटरप्राइजेज,मेसर्स रामनरेश प्रसाद सहित अन्य संवेदक को सौंपा गया था। कार्य पूरा होने के तुरंत बाद सड़कों का उखड़ना शुरू हो गया, जिससे अब पूरी पंचायत में आक्रोश का माहौल है।
दुर्घटना की आशंका, जांच की मांग
मौके पर मौजूद ग्रामीण बांका सिंह प्रदीप सिंह जितन सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर बिखरी गिट्टियों और बालू के कारण राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों का चलना जोखिम भरा हो गया है। आए दिन लोग फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए व दोषी ठेकेदारों व अभियंताओं के खिलाफ सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई हो साथ ही सड़कों का पुननिर्माण कर ग्रामीणों को राहत दी जाए।
इस संबंध में पंचायत के मुखिया फूलदेव सिंह ने बताया कि घटिया सामग्रियों के उपयोग के कारण निर्माण के तत्काल बाद ही सड़क खराब हो गई, उन्होंने यह भी कहा कि सड़क निर्माण कुछ स्थानीय लोगों के द्वारा करवाया जा रहा था।
इस संबंध में लातेहार उप विकास आयुक्त सैयद रियाज अहमद ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


