गिरिडीह में ‘एक वृक्ष पितरों के नाम’ अभियान, रोटरी गिरिडीह वाइब्रेंट ने किया पौधारोपण
गिरिडीह। पितृपक्ष के अवसर पर रोटरी गिरिडीह वाइब्रेंट ने बुधवार को किरण पब्लिक स्कूल में “एक वृक्ष पितरों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विद्यालय के मैदान के किनारे अपने पितरों की स्मृति और सम्मान में बारी-बारी से फलदार वृक्ष लगाए।
कार्यक्रम का शुभारंभ वाइब्रेंट के अध्यक्ष रोटेरियन राजीव रंजन सिंह ने किया। इस अवसर पर सचिव रोटेरियन डॉ. सौरव जगनानी, रोटेरियन तनवीर अहमद, राहुल कृष्णा, आदित्य कुमार, रवि जायसवाल, राहुल गुप्ता, गौतम सागर एवं डॉ. निलेश कुमार मौजूद रहे। प्रोजेक्ट की अध्यक्षता रोटेरियन तनवीर अहमद ने की।
संबोधन में अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में भी लोगों को पितरों का सम्मान करना चाहिए, जिनके परिश्रम का फल पीढ़ी दर पीढ़ी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष में वृक्षारोपण से संस्कारों का संरक्षण होगा और पर्यावरण भी शुद्ध रहेगा।
किरण पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अशोक कुमार सिंह ने वाइब्रेंट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने के साथ ही समाज में संस्कार जगाने वाला है। प्राचार्य राघव भोक्ता ने पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि पितृपक्ष के अवसर पर वृक्षारोपण निश्चित रूप से प्रेरणादायक पहल है।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने इस अनोखी पहल की सराहना की। छात्र-छात्राओं ने भी वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

