गुरू पूर्णिमा पर शिक्षक सम्मान सह भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह
गढ़वा : गायत्री परिवार का गुरू पूर्णिमा पर शिक्षक सम्मान सह भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह
शिक्षकों को प्रयास होना चाहिये कि वे विद्यार्थियों का आदर्श बने : राजेश शरण सिंह
सम्मानित किये गये शिक्षक व प्रतिभागी छात्र-छात्रायें
गढ़वा : अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा गुरू पूर्णिमा के अवसर पर शिक्षक सम्मान सह भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया. स्थानीय बंधन मैरेज हॉल में आयोजित इस समारोह में बीएसकेडी की छात्राओं ने सामूहित वंदना व नृत्य नाटिका की प्रस्तुति कर सभी शिक्षकों व अभिभावकों का मन मोह लिया. कार्यक्रम का उदघाटन मुख्य अतिथि प्रधान जिला जज राजेश शरण सिंह ने मां गायत्री एवं पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का पूजन कर व दीप प्रज्जवलित कर किया. इस अवसर पर प्रधान जिला जज राजेश शरण सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुये कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में बहुत से शिक्षक आते हैं, लेकिन कुछ शिक्षक अपने आचरण से उनके आदर्श बन जाते हैं. विद्यार्थी उन शिक्षकों के पदचिन्हों पर चलने लगते हैं. सभी शिक्षकों का यह प्रयास होना चाहिये, उनका ऐसा आचरण हो कि वे अपने विद्यार्थियों के लिये आदर्श बन सकेंं. विद्यार्थियों को लगे कि शिक्षक ने मेरा जीवन बदल दिया. परिवार की स्थिति पर बोलते हुये पीडीजे ने कहा कि परिवार में पहली गुरू की भूमिका मां निभाती है. मां अपने बच्चों को जैसी शिक्षा व संस्कार देगी, बच्चा वैसा ही बनेगा. वह वैसा ही व्यवहार करेगा. इसलिये मां को शिक्षित व सुसंस्कृत होना जरूरी है. उन्होंने कहा कि हम जैसा करते हैं, हमारे बच्चे भी उसी का अनुसरण करते हैं. हम यदि अपने मां-बाप का सम्मान नहीं करेंगे, तो बच्चे भी हमारा सम्मान नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि मां-बाप को अपने बच्चे को संघर्ष करने की आदत डालनी चाहिये. उन्हें कभी यह अहसास नहीं कराना चाहिये कि उनके लिये उन्होंने सबकुछ अर्जित कर दिया है. अब उन्हें कुछ करने की जरूरत नहीं है. समारोह में गायत्री परिवार के मुख्य ट्रस्टी संजय सोनी ने अपने स्वागत भाषण में कार्यक्रमों की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुये भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के विषय में सभी को जानकारी दी. जिला समन्वयक विनोद पाठक ने विषय प्रवेश कराया. समारोह में विशिष्ट अतिथि डॉ धर्मचंदलाल अग्रवाल, समाजसेवी विजय केसरी, कमलेश कुमार गुप्ता उर्फ पिंटू बाबू, प्रो उमेश सहाय, जीएन कॉन्वेंट स्कूल के निदेशक मदन प्रसाद केसरी, मिलेनियम पब्लिक स्कूल नगरउंटारी के मुमताज राही, महिला समन्वयक शोभा पाठक आदि ने भी विचार व्यक्त किये. समारोह में ट्रस्टी अच्युतानंद तिवारी, जिला युवा समन्वयक वीरेंद्र सोनी व सुदेश्वर शर्मा
ने गुरू वंदना व युग संगीत का गायन कर सबको मंत्रमुग्ध कर डाला. धन्यवादज्ञापन डॉ आलोक रंजन दूबे ने किया. अनिश यादव जिला टॉपर रहे
समारोह में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का परिणाम घोषित करते हुये सबको मुख्य अतिथि के कर कमलों पुरस्कृत किया गया. इसमें जीएम स्कूल चिनिया के अनिश यादव ने सर्वाधिक अंक लाकर जिला टॉपर रहे. जबकि डीएवी विद्यालय नगरउंटारी अनुशा कुमारी द्वितीय व वीपी डीएवी स्कूल गढ़वा के अंजन प्रांज्जल ज्ञानेंद्र को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया. इसी तरह से भी प्रखंड टॉपरों को भी समारोह में पुरस्कृत किया गया. समारोह में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा कराने में भूमिका निभानेवाले वीक्षकों व विद्यालय के निदेशकों को सम्मानित किया गया. इसमें मुख्य रूप से बीएसकेडी पब्लिक स्कूूल की रीना चंद्रवंशी, जूही दूबे, गायत्री परिवार के अखिलेश कुशवाहा, प्रभुदयाल प्रजापति, डॉ सुनील विश्वकर्मा, रंजीत केसरी, अनिल विश्वकर्मा, अनिता देवी, सुनंदा दूबे आदि के नाम शामिल है.
