गुमला में टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण, निक्षय मित्र योजना से मिला सहयोग

निक्षय मित्र (CSR – हिंडालको) के सहयोग से टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण
गुमला, दिनांक 18 मई 2026:
राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत गुमला जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान को गति प्रदान करते हुए आज गुमला सदर प्रखंड में टीबी के उपचाररत एवं उपचारित मरीजों के बीच निक्षय मित्र (CSR – हिंडालको, लोहरदगा) के सहयोग से पोषण किट का वितरण किया गया। इस अवसर पर कुल 60 टीबी मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराई गई।
यह कार्यक्रम टीबी मरीजों को उपचार के दौरान समुचित पोषण उपलब्ध कराने तथा उनके स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। विदित हो कि टीबी के प्रभावी उपचार के लिए नियमित दवा के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार अत्यंत आवश्यक होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए निक्षय मित्र योजना के तहत मरीजों को निरंतर पोषण सहायता प्रदान की जा रही है।
हिंडालको, लोहरदगा द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत इस माह अब तक लगभग 200 पोषण किट जिला यक्ष्मा केंद्र, गुमला को उपलब्ध कराए गए हैं। उपायुक्त गुमला, सिविल सर्जन गुमला एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी गुमला के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार जिले के सभी पात्र टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान प्रत्येक माह निक्षय मित्रों के माध्यम से पोषण किट प्रदान की जा रही है।
वितरित पोषण किट में मरीजों के लिए आवश्यक पौष्टिक सामग्री जैसे 2 किलोग्राम चना, 2 किलोग्राम मूंग दाल, 1 किलोग्राम गुड़, 1 किलोग्राम मूंगफली एवं 1 लीटर सरसों तेल शामिल हैं। यह सामग्री मरीजों को संतुलित आहार उपलब्ध कराने में सहायक होती है, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और वे नियमित रूप से दवा का सेवन करते हुए शीघ्र स्वस्थ हो सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने उपस्थित मरीजों को नियमित दवा सेवन, समय-समय पर जांच कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि टीबी पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है, यदि मरीज उपचार को बीच में न छोड़ें और डॉक्टर के निर्देशों का पालन करें।
इस अवसर पर जिला यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम, गुमला के श्री विनय कुमार गुप्ता, श्री मुकेश कुमार सिंह, श्री सुधांशु भूषण मिश्रा, श्री राजेश उरांव, टीबीएचभी अंशु निधि, श्री दीपक कुमार साहू, श्री सुनील कुमार, श्री सुरेंद्र उरांव एवं टीबी चैंपियन खुशी कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन टीबी विभाग गुमला के श्री मुकेश कुमार सिंह द्वारा किया गया, जिनके समन्वय एवं प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का समापन टीबी उन्मूलन के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता एवं समाज को इस बीमारी से मुक्त बनाने के संकल्प के साथ किया गया।