गढ़वा में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को दिलाई गई सुरक्षा की शपथ
गढ़वा में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को दिलाई गई सुरक्षा की शपथ
गढ़वा। उपायुक्त महोदय गढ़वा से प्राप्त निर्देशों के आलोक में जिला परिवहन कार्यालय गढ़वा द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत विद्यालय में छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं से सड़क पर चलते एवं वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीड से बचने तथा मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सुरक्षित सड़क उपयोग के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सतर्कता एवं नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने एवं सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान छात्राओं एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। शपथ में यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सुरक्षित तरीके से चलने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सड़क दुर्घटना में घायलों की सहायता करने का संकल्प दिलाया गया।
विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, छात्राओं एवं संबंधित अधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा।





