गिरिडीह नगर थाना में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी; आईसीयू में भर्ती युवक ने लगाए गंभीर आरोप

गिरिडीह। नगर थाना में बीती रात एक युवक की कथित तौर पर पुलिस द्वारा पिटाई किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले की जानकारी लेने के लिए मंगलवार को ASP सुरजीत कुमार और डीएसपी-1 नीरज कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे, जहां कथित रूप से पुलिस की पिटाई से घायल युवक का इलाज आईसीयू में चल रहा है। ASP ने अस्पताल में भर्ती युवक से मुलाकात कर घटना के संबंध में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा की पीड़ित पुलिस है या वो युवक ।
ASP सुरजीत कुमार ने कहा कि जांच के बाद यह भी स्पष्ट होगा कि मामले में वास्तव में पीड़ित कौन है—पुलिस या फिर युवक और उसके परिजन। पुलिस वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
इधर, अस्पताल में भर्ती युवक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का दावा है कि कल रात नगर थाना पुलिस के द्वारा उस पर अपना बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा है। उसका आरोप है कि यदि उसने अपना बयान नहीं बदला तो उसका एनकाउंटर करने की धमकी दी जा रही है। युवक के इस आरोप के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
अब पूरे मामले में पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार है। वायरल वीडियो की सत्यता, युवक के आरोप और पुलिस की कार्रवाई की परिस्थितियों की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

You may have missed