गिरिडीह नगर निगम चुनाव 2026: महापौर प्रत्याशी डॉ. शैलेन्द्र कुमार चौधरी ने सिरसिया समेत चार क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया

आज गिरिडीह नगर निगम चुनाव 2026 के तहत प्रातःकालीन जनसंपर्क अभियान के क्रम में महापौर पद के प्रत्याशी डॉ. शैलेन्द्र कुमार चौधरी ने सिहोडीह, पटेल नगर, सिरसिया एवं शीतलपुर क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया। जनसंपर्क के दौरान क्षेत्रवासियों ने विशेष रूप से सिरसिया की जर्जर एवं बदहाल सड़कों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। लोगों ने बताया कि सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है, जगह-जगह गड्ढे हैं और धूल का गुबार पूरे क्षेत्र में फैला रहता है।

स्थानीय नागरिकों ने चिंता जताई कि इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूल के छोटे-छोटे बच्चे एवं छात्र-छात्राएँ आवागमन करते हैं। सड़क पर अत्यधिक धूल होने के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और कई बच्चों को सांस लेने में तकलीफ तथा अन्य श्वसन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों ने कहा कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

डॉ. शैलेन्द्र कुमार चौधरी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि चुनाव में विजयी होने के बाद सिरसिया सहित सभी वार्डों की जर्जर सड़कों का प्राथमिकता के आधार पर निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य और सुरक्षित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा धूल और गंदगी की समस्या को दूर करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सहयोग एवं समर्थन की अपील करते हुए कहा कि मिलकर ही गिरिडीह को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित नगर बनाया जा सकता है।

You may have missed