गिरिडीह में स्वामी विवेकानंद जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न, बसंत 11 बनी विजेता
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गिरिडीह के तत्वावधान में आयोजित स्वामी विवेकानंद जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बसंत 11 और पवन पैंथर के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए बसंत 11 की टीम विजेता बनी, जबकि पवन पैंथर को उपविजेता घोषित किया गया। इस तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लेकर खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मोहम्मद फराज़ अंसारी को, बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार शिवम त्रिवेदी को, बेस्ट बॉलर का पुरस्कार सौरव सीना को तथा बेस्ट फील्डर (तिलक) का पुरस्कार अभिजीत आनंद को प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अभाविप प्रदेश सह मंत्री अंजली सिंह ने स्वामी विवेकानंद के विचारों को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। वहीं झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य सपा सिन्हा ने अभाविप की राष्ट्र व समाजहित में भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक मंटू मुर्मू ने किया और समापन नगर मंत्री नीरज चौधरी ने किया।

