गिरिडीह में रक्तदान को जनभागीदारी का अभियान बनाने पर जोर, डीडीसी स्मृता कुमारी ने दिए अहम निर्देश
गिरिडीह में रक्तदान को जनभागीदारी का अभियान बनाने पर जोर, डीडीसी स्मृता कुमारी ने दिए अहम निर्देश
गिरिडीह। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और स्वैच्छिक रक्तदान को जनभागीदारी का अभियान बनाने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में ब्लड डोनेशन अवेयरनेस एवं मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के प्रयासों की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले में नियमित जागरूकता अभियान चलाने तथा शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से अधिक से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।
डीडीसी ने रक्त की उपलब्धता, रक्तदान शिविरों के आयोजन, संभावित रक्तदाताओं के पंजीकरण और विभागीय समन्वय की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। बैठक में जन जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने और रेडक्रॉस सोसाइटी की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया गया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन व सदस्य तथा स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

