गिरिडीह में पाँच-कुंडीय गायत्री महायज्ञ, श्रद्धालुओं ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
गिरिडीह। अखिल विश्व गायत्री परिवार महिला मंडल, गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह के तत्वावधान में आज शिव मंदिर पुलिस लाइन बरवाडीह में सातवां पाँच-कुंनीय गायत्री महायज्ञ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन महिला मंडल की पूनम गुप्ता और सुमन गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
यज्ञ का शुभारंभ गुरु एवं गायत्री की वंदना से हुआ। कार्यक्रम में लगभग 125 श्रद्धालु भाइयों और बहनों ने हाथों से यज्ञ कुंड में आहुतियाँ समर्पित कर सभी के उज्जवल भविष्य, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की। महिला मंडल जिला समन्वयक सुमन गुप्ता ने कहा कि गायत्री महामंत्र के 24 अक्षर अत्यन्त पवित्र हैं और इन अक्षरों में समस्त शास्त्र, श्रुति एवं गीता का सार निहित है; जो लोग शास्त्र पढ़ने में असमर्थ हैं, वे इन अक्षरों के जाप और स्मरण से शास्त्रों का फल प्राप्त कर लेते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि गायत्री परिवार द्वारा गिरिडीह शहर एवं पूरे प्रखंड में इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से कर जनमानस में सात्विक जीवन जीने की प्रेरणा दी जाएगी। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने नियमित गायत्री उपासना करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा रचित साहित्य के स्टॉल भी लगाए गए, जिनसे पुस्तकों का वितरण किया गया। महायज्ञ के सफल आयोजन में मुख्य प्रबंधक कामेश्वर सिंह, जिला समन्वयक नरेश प्रसाद यादव, भागवत राम, सहदेव प्रसाद कुशवाहा, उर्मिला बरनवाल, उमा गुप्ता, मधु चौरसिया, अमृता बरनवाल, पूनम गुप्ता, पूनम राम, अंजू बरनवाल, सुचित्रा देवी समेत अनेक लोग सहयोगी रहे।

