गिरिडीह में ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक’ का उद्घाटन, श्रद्धांजलि देते भावुक हुए मंत्री सुदिव्य कुमार
गिरिडीह में ‘दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक’ का उद्घाटन, श्रद्धांजलि देते भावुक हुए मंत्री सुदिव्य कुमार
गिरिडीह। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर मंगलवार को गिरिडीह बस स्टैंड में नवनिर्मित ‘पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक’ का उद्घाटन नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने झारखंड आंदोलन, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों के लिए शिबू सोरेन के संघर्ष एवं योगदान को याद किया। जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि गुरुजी का सपना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को उनका हक, शिक्षा और सम्मान दिलाना था। वहीं पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू गुरुजी को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन के विचार और संघर्ष आज भी लोगों के बीच जीवित हैं। इस दौरान पूरा परिसर ‘दिशोम गुरु अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

