हरियाली का संकल्प: गिरिडीह जिला तैलिक साहू सभा ने लगाए 50 छायादार पौधे

हरियाली का संकल्प: गिरिडीह जिला तैलिक साहू सभा ने लगाए 50 छायादार पौधे

गिरिडीह। पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से गिरिडीह जिला तैलिक साहू सभा ने कोलडीहा स्थित किरण पब्लिक स्कूल परिसर में 50 छायादार पौधे लगाए। जिला अध्यक्ष बालगोबिंद साहू ने कहा कि संस्था सामाजिक और जनहित के कार्यों के साथ प्रत्येक वर्ष वृक्षारोपण अभियान चलाती है। महासचिव धर्म प्रकाश ने बताया कि किरण पब्लिक स्कूल से इस वर्ष के अभियान की शुरुआत की गई है और आगे अन्य विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थानों पर भी पौधे लगाए जाएंगे।

नगर अध्यक्ष सत्य प्रकाश साहा ने लोगों से जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। किरण पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अशोक कुमार सिंह ने अभियान की सराहना करते हुए अन्य सामाजिक संस्थाओं से भी पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। कार्यक्रम में तैलिक साहू सभा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और समाज के कई लोग मौजूद रहे।