गिरिडीह में अवैध माइका लदा वाहन जब्त, चालक फरार; पीछा करने में वन विभाग का ड्राइवर घायल

गिरिडीह। गावां थाना क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध माइका परिवहन कर रहे एक वाहन को जब्त किया है। घटना बीती रात डोरंडा-पटना मुख्य पथ पर घघरी कुरा के पास हुई। वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा, लेकिन पीछा करने के दौरान वन विभाग के सरकारी वाहन चालक के पैर में गंभीर चोट आ गई।
वनपाल राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि टीम ने रात में संदिग्ध वाहन का पीछा किया। जांच में वाहन में अवैध माइका लदा मिलने पर उसे जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। उसे पकड़ने के प्रयास में वन विभाग के वाहन चालक के पैर में चोट लगी।
जब्त वाहन को गावां वन परिसर लाया गया है। वन विभाग मामले की छानबीन कर रही है। वनपाल ने कहा कि जांच में सही जानकारी सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में वनपाल राजेंद्र प्रसाद के अलावा जिलजीत कुमार, रोसी रंजन और सुमित चौधरी शामिल थे। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध माइका कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।