गिरिडीह कॉलेज में सीट कटौती पर भड़की एबीवीपी, विश्वविद्यालय को सौंपा ज्ञापन; बहाली नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
गिरिडीह कॉलेज में सीट कटौती पर भड़की एबीवीपी, विश्वविद्यालय को सौंपा ज्ञापन; बहाली नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
गिरिडीह:- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की गिरिडीह नगर इकाई ने गिरिडीह महाविद्यालय में स्नातक सत्र 2026–30 के नामांकन के लिए सीटों में की गई कटौती का विरोध करते हुए विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। परिषद ने कटौती की गई सभी सीटों को तत्काल प्रभाव से बहाल करने की मांग की।
ज्ञापन में एबीवीपी ने कहा कि गिरिडीह महाविद्यालय जिले का सबसे बड़ा और सर्वाधिक नामांकन वाला शिक्षण संस्थान है, जहां हर वर्ष हजारों छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए आवेदन करते हैं। ऐसे में सीटों में कटौती का निर्णय हजारों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है। इससे बड़ी संख्या में योग्य छात्र-छात्राएं नामांकन से वंचित हो सकते हैं, जिसका सीधा असर उनके शैक्षणिक भविष्य पर पड़ेगा।
परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कटौती की गई सीटों को तत्काल बहाल करने की मांग की, ताकि किसी भी पात्र छात्र-छात्रा को उच्च शिक्षा से वंचित न होना पड़े।
एबीवीपी नेताओं ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही सीटों की बहाली नहीं की गई, तो परिषद छात्रहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
इस दौरान अनीश रॉय, कृष पासवान, बीटू मोदी, विवेक तरवे, कृष्णा कुमार सहित परिषद के कई कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित थे।

