गिरिडीह के छात्रों का कमाल! ताइक्वांडो में जीते 5 पदक, अब नैनीताल में दिखाएंगे दम
*तन में संस्कार, हाथ में हुनर : क्षेत्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा के छात्रों ने लहराया परचम
गिरिडीह।शिक्षा के साथ संस्कार और खेल को जोड़कर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा एक बार फिर चर्चा में है। राजगीर के हसनपुर स्थित पी.टी.जे.एस. सरस्वती विद्या मंदिर में 11-12 जुलाई को आयोजित 37वीं क्षेत्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में विद्यालय के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर कुल 5 पदक जीतकर गिरिडीह का नाम रोशन किया।
पदक विजेताओं ने बढ़ाया अपने मान
विद्यालय के पीयूष कुमार राय ने स्वर्ण पदक, ज्ञान शौर्य बर्मन और रिशु राज मंडल ने रजत पदक, जबकि ईशांत साहू और दिग्याशा वर्मा ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
मंगलवार को विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पदक विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य आनंद कमल ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। शंखनाद के बीच सभी विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य आनंद कमल ने कहा, “हमारे बच्चे अनुशासन और मेहनत के बल पर आगे बढ़ रहे हैं। विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेल को भी बराबर महत्व दिया जाता है। यही कारण है कि आज हमारे छात्र हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रहे हैं। उन्होंने
इस सफलता का श्रेय खेल आचार्य प्रसून जी को देते हुए कहा कि इनके कुशल दिशा-निर्देशन और अथक परिश्रम से ही भैया-बहनों ने यह उपलब्धि हासिल की।
वहीं कार्यक्रम का संचालन करते हुए आचार्य अजित मिश्र ने कहा कि
हमारे भैया-बहन केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं हैं। वे खेल, कला और अन्य क्षेत्रों में भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर एक अच्छे नागरिक के रूप में विकसित हो रहे हैं। राजगीर में बच्चों ने जो प्रदर्शन किया है वह गर्व की बात है। अब 14 से 17 नवंबर तक नैनीताल में होने वाली अखिल भारतीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कक्षा 10 के भैया पीयूष कुमार राय* गिरिडीह जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। हमें पूरा विश्वास है कि वे वहां भी तिरंगा लहराएंगे।

