गढ़वा ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
मरीजों के लिए मसीहा हैं रक्तदाता : एसडीओ
विश्व रेड क्रॉस दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन
गढ़वा । इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की गढ़वा इकाई की ओर से गढ़वा ब्लड बैंक के प्रांगण में शुक्रवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्घाटन सदर एसडीओ संजय पांडेय, सिविल सर्जन जॉन ऑफ कैनेडी, नगर पंचायत अध्यक्ष दौलत सोनी, सचिव जेपी सिंह, डॉक्टर पातंजली केशरी सहित अन्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए एसडीओ संजय पांडेय ने कहा कि रक्तदान महादान है । इससे सभी लोगों को बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए । रक्त का महत्व अस्पताल में रक्त की कमी से जूझ रहे लोगों को देखने के बाद पता चलता है । यदि हमारे रक्तदान से किसी की जान बचती है तो यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा पुण्य का काम है । मरीजों के लिए रक्तदाता मसीहा हैं । रेड क्रॉस सोसाइटी रक्तदान के साथ लोगों को जागरूक करने का काम कर रहा है । इसमें अपनी सहभागिता निभाने वाले सभी लोग बधाई के पात्र हैं ।
सिविल सर्जन डॉक्टर जाॅन ऑफ कैनेडी ने कहा कि ब्लड बैंक में सभी समूह का रक्त ससमय उपलब्ध हो इसके लिए हम सभी को जागरूक रहना होगा । उन्होंने कहा कि रक्त बनाने की कोई मशीन नहीं होती है । एक व्यक्ति से लेकर ही दूसरे व्यक्ति के शरीर में खून की कमी की भरपाई की जाती है । उन्होंने कहा कि रक्तदान के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाया जाता है । यथासंभव अधिक से अधिक मरीजों को रक्त उपलब्ध हो इसके लिए स्वास्थ्य विभाग का ब्लड बैंक सदैव तत्पर है ।
सचिव डॉक्टर जेपी सिंह ने कहा कि रेड क्रॉस के सात मूलभूत सिद्धांत हैं । मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता और सार्वभौमिकता जिसे हम लोगों को बढ़ावा देना चाहिए। मानव जीवन की रक्षा करना सबसे बड़ा धर्म और कर्तव्य है । रेड क्रॉस सोसाइटी 1.6 करोड़ लोगों के साथ मिलकर दुनिया के लोगों की सेवा कर रहा है ।
डॉक्टर पातंजली केशरी ने कहा कि रेड क्रॉस दिवस दुनिया को याद दिलाता है कि जब संकट की घड़ी आती है तो मानवता ही सबसे बड़ा धर्म बन जाता है । यही मूल भावना रक्तदान के जज्बा को जीवित रखे हुए हैं । उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी की जान तो बचती ही है, साथ ही रक्तदाता को भी लाभ मिलता है । जिसमें हृदय स्वास्थ्य में सुधार, कैंसर का जोखिम कम होना, आयरन संतुलित रहना आदि शामिल है ।
उक्त अवसर पर सोसायटी के नगर बंशीधर इकाई द्वारा 21 और गढ़वा की ओर से सात युनिट रक्तदान किया गया । रक्तदाताओं में डॉक्टर पातंजली केशरी, रवि कुमार गुप्ता, आकाश चौबे, प्रदीप कुमार सहित अन्य लोगों के नाम शामिल है । मौके पर उमेश सहाय, नंदकुमार गुप्ता, दयाशंकर गुप्ता, विजय केशरी, उमेश कश्यप, विपेश कश्यप, अमित कुमार, अजीत कुमार, दयानंद ठाकुर, रूपदेव सिंह रामजी राम सहित अन्य लोग उपस्थित थे ।


