गांव के बेटे ने रचा इतिहास: JEE Advanced में AIR 687, झारखंड में चौथा स्थान

​पलामू के लाल स्वरित रंजन ने JEE Advanced में लहराया परचम, झारखंड में मिला चौथा स्थान, पांकी में बैंड-बाजे के साथ निकाला गया जुलूस

पांकी
पलामू जिले के प्रतिभावान छात्रों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर सही मार्गदर्शन मिले, तो ग्रामीण परिवेश के बच्चे भी देश के सबसे कठिन इम्तिहान में इतिहास रच सकते हैं। सेकंड स्कूल के छात्र स्वरित रंजन ने आईआईटी जेईई एडवांस्ड परीक्षा 2026 में ऑल इंडिया रैंक 687 और झारखंड राज्य में चौथा स्थान हासिल कर जिले और राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
​स्वरित रंजन की इस ऐतिहासिक सफलता पर पांकी में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने बैंड-बाजे के साथ भव्य जुलूस निकालकर स्वरित की कामयाबी का जश्न मनाया।
​सेकंड स्कूल संस्थान ने एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। संस्थान के 17 छात्रों ने जेईई मेन्स क्वालिफाई किया था, जिनमें से 4 होनहारों ने जेईई एडवांस्ड की परीक्षा पास कर आईआईटी का टिकट पक्का कर लिया है। परीक्षा में सफल रहने वाले मुख्य छात्रों में:
​स्वरित रंजन: AIR – 687 (झारखंड में चौथा स्थान)
​अन्य सफल छात्र स्वरित पाण्डेय, अविनाश कुमार, अंशु कुमारी, रिमझिम कुमारी, सुमित यादव, उमाशंकर सिंह , राजेश सिंह, चंदन कुमार, आर्यन राज, अंशु सिंह, नैन्सी कुमारी, अविनाश सिंह, सत्यम कुमार, शुभम कुमार, विवेकानंद त्रिपाठी, अंशु राज, अनिकेत कुमार, श्रीनिधि सिंह और उदित प्रजापति ने सफलता का परचम लहराया है।
​इस शानदार सफलता पर ‘सेकंड स्कूल’ के संस्थापक और समर्पित शिक्षक हृषिकेश पाण्डेय को पूरे समाज की ओर से बधाई मिल रही है। अपने संबोधन में भावुक होते हुए हृषिकेश पाण्डेय ने कहा:
​”किसी भी शिक्षक के लिए इससे बड़ा और गर्व का क्षण कोई दूसरा नहीं हो सकता जब उसके छात्र इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करते हैं। हमारा उद्देश्य है कि झारखंड का कोई भी बच्चा आर्थिक तंगी या संसाधनों के अभाव में अपने सपनों को छोटा न करे और न ही पढ़ाई छोड़े। कौन कहता है कि सरकारी स्कूलों में 10वीं तक पढ़े गाँव के बच्चों में प्रतिभा नहीं होती इन्हें बस एक सही मौके और मार्गदर्शन की ज़रूरत थी, ये बच्चे सचमुच बब्बर शेर हैं।
​स्वरित रंजन की इस कामयाबी से पूरे पलामू में खुशी की लहर है। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि स्वरित न केवल अपने माता-पिता और राज्य का नाम रोशन करेंगे, बल्कि आने वाले समय में इलाके के लाखों गरीब और ग्रामीण बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।
​इस गौरवपूर्ण अवसर पर क्षेत्र के मशहूर इन्फ्लूएंसर त्रिदेव उपाध्याय, राजू दुबे, सोनू सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और उन्होंने सफल छात्रों एवं ‘सेकंड स्कूल’ की पूरी फैकल्टी और टीम को हार्दिक बधाई एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।