गांडेय में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-बाइक टक्कर में एक की मौत, दूसरा गंभीर
गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। माझलाडीह के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे करीब डेढ़ फीट ऊंची और अव्यवस्थित तरीके से बनी नाली इस हादसे की बड़ी वजह बनी, जिससे बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को निजी वाहन से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गांडेय पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
मृतक की पहचान डुमरी थाना क्षेत्र के भूरकुण्डी गांव निवासी गणेश टुडू के रूप में हुई है, वहीं गंभीर रूप से घायल लखन टुडू जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, नाली निर्माण में लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

